
इंदौर। देशभर में स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बनाने वाले इंदौर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में बड़ा झटका लगा है। बुधवार को घोषित सर्वेक्षण के परिणामों में इंदौर स्वच्छ शहर लीग की शीर्ष तीन रैंकिंग में जगह बनाने में नाकाम रहा। इस श्रेणी में नवी मुंबई ने पहला, सूरत ने दूसरा और विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया। हालांकि, इंदौर के लिए राहत की बात यह रही कि स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में इंदौर और देपालपुर की जोड़ी ने दूसरा पुरस्कार हासिल किया। वहीं, मध्यप्रदेश के देवास और उज्जैन ने अपनी-अपनी आबादी श्रेणियों में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। खास बात यह है कि इन दोनों शहरों ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंदौर के सफाई मॉडल को अपनाया और कचरा प्रबंधन से लेकर घर-घर कचरा संग्रहण तक कई व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया।

इंदौर के मॉडल से देवास और उज्जैन ने बनाई पहचान
स्वच्छता के क्षेत्र में देवास और उज्जैन की उपलब्धि के पीछे इंदौर के सफाई मॉडल की अहम भूमिका रही है। दोनों शहरों ने इंदौर की तर्ज पर अपनी सफाई व्यवस्था में बदलाव किए। इंदौर नगर निगम में काम कर चुके अधिकारियों का अनुभव भी इन शहरों के लिए उपयोगी साबित हुआ। इन शहरों में केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर ही ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि कचरे के संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से निपटान की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया। घरों से निकलने वाले कचरे का अलग-अलग संग्रहण और निर्धारित स्थानों पर उसका व्यवस्थित निपटान सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए। इसी का परिणाम रहा कि दोनों शहरों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया।
उज्जैन में महाकाल क्षेत्र की सफाई पर विशेष जोर
धार्मिक नगरी उज्जैन में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया। शहर में कचरे के निपटान के लिए प्लांट स्थापित किया गया। इसके साथ ही गीले कचरे के प्रबंधन के लिए अलग प्लांट की व्यवस्था भी की गई। उज्जैन में स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। त्योहारों, पर्वों और विशेष धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई अभियान चलाए गए, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। कचरा प्रबंधन और धार्मिक पर्यटन स्थलों की सफाई को प्राथमिकता देने से उज्जैन की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिली।
देवास ने घर-घर कचरा संग्रहण को बनाया आधार
इंदौर के पड़ोसी शहर देवास ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास ने पहला स्थान प्राप्त किया। शहर में इंदौर की तर्ज पर घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को शत-प्रतिशत लागू किया गया। कॉलोनियों और बस्तियों में रखी कचरा पेटियों को हटाकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई। इसके लिए कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों के रूट निर्धारित किए गए, ताकि प्रत्येक क्षेत्र से नियमित रूप से कचरा उठाया जा सके। ट्रेंचिंग ग्राउंड तक प्रतिदिन पहुंचने वाले कचरे के व्यवस्थित निपटान की व्यवस्था भी बनाई गई। पूरी प्रणाली इस तरह विकसित की गई कि लोगों को खुले स्थानों पर कचरा फेंकने की आवश्यकता न पड़े और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा न हो। बेहतर निगरानी और नियमित कचरा संग्रहण ने देवास की स्वच्छता व्यवस्था को नई पहचान दिलाई।
अहमदाबाद से इंदौर को लगातार मिल रही चुनौती
स्वच्छता के मामले में पिछले तीन वर्षों से अहमदाबाद भी इंदौर को कड़ी चुनौती देता रहा है। दो साल पहले दोनों शहरों को संयुक्त रूप से पहला पुरस्कार मिला था। इसके बाद पिछले साल दोनों शहरों को प्रीमियर लीग में रखा गया था। इस बार स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में भी इंदौर को अहमदाबाद से चुनौती मिली। अहमदाबाद की जोड़ी साणंद ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि इंदौर और देपालपुर की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले जब अहमदाबाद स्वच्छता रैंकिंग में दूसरे स्थान पर था, तब वहां के अधिकारियों ने इंदौर की सफाई व्यवस्था का अध्ययन किया था। अहमदाबाद नगर निगम के अधिकारियों का एक दल इंदौर पहुंचा था और यहां की कचरा संग्रहण तथा प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया था। इसके बाद इंदौर के स्वच्छता मॉडल को अहमदाबाद में भी लागू किया गया। अब स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि स्वच्छता के क्षेत्र में शहरों के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। इंदौर का शीर्ष तीन से बाहर होना जहां उसके लिए आत्ममंथन का विषय है, वहीं देवास और उज्जैन की सफलता प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।