होम › कृष्णबाग में बुलडोजर के सामने आस्था, मां कालका मंदिर हटाने पर भड़के रहवासी

कृष्णबाग में बुलडोजर के सामने आस्था, मां कालका मंदिर हटाने पर भड़के रहवासी

इंदौर।
एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह से जारी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब करीब 30 मकानों को हटाने के बाद प्रशासन की ओर से क्षेत्र में स्थित मां कालका माता मंदिर को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मंदिर हटाने की कार्रवाई सामने आते ही स्थानीय रहवासी एकजुट हो गए और विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। बढ़ते विरोध के बीच मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति संभालने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। दोपहर तक मंदिर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन विरोध के चलते मंदिर हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
कृष्णबाग कॉलोनी में कोर्ट के आदेश के तहत कुल 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय रहवासियों में पहले से ही चिंता और असंतोष बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जिन मकानों को हटाया जा रहा है, उनमें कई की विधिवत रजिस्ट्री है और अधिकांश मकानों पर बैंक से ऋण भी लिया गया है। ऐसे में घरों को हटाए जाने से परिवारों के सामने आवास और आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कार्रवाई के दौरान करीब 30 मकानों को हटाए जाने के बाद जब मंदिर के आसपास के निर्माणों को हटाने का प्रयास किया गया, तब रहवासियों का विरोध अधिक तीव्र हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के आसपास मकानों को हटाने में लगी दो जेसीबी मशीनों में खराबी आने के बाद कार्रवाई प्रभावित हुई। इसी दौरान बड़ी संख्या में रहवासी एकत्रित हो गए और मंदिर को हटाने का विरोध करने लगे। मौके पर मौजूद एसडीएम घनश्याम धनगर ने लोगों को समझाने और स्थिति शांत करने का प्रयास किया, लेकिन विरोध बढ़ता देख उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके बाद प्रशासन की ओर से मंदिर के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। दोपहर तक क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और मंदिर हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी।

आस्था का प्रमुख केंद्र है मां कालका माता मंदिर
कृष्णबाग कॉलोनी में स्थित मां कालका माता मंदिर स्थानीय रहवासियों के लिए धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। लोगों का कहना है कि मंदिर में केवल कॉलोनी के निवासी ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन तथा मन्नतें मांगने आते हैं। नवरात्रि के दौरान यहां विशेष आयोजन होते हैं, वहीं भागवत कथा, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। मंदिर को हटाने की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई तथा कई लोग मौके पर पहुंचकर विरोध में शामिल हो गए।

जनसहयोग से करीब 25 वर्ष पहले हुआ था निर्माण
मंदिर के निर्माण को करीब 25 वर्ष पुराना बताया जा रहा है। पंडित धीरज त्रिपाठी के अनुसार, लगभग ढाई दशक पहले मंदिर का निर्माण जनसहयोग से शुरू किया गया था। स्थानीय लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग दिया और इसी सहयोग से मंदिर धीरे-धीरे आकार लेता गया। उनका कहना है कि मंदिर निर्माण से लेकर अब तक लगभग 25 वर्षों के दौरान जमीन को लेकर किसी ने आपत्ति नहीं जताई थी और निर्माण के समय भी भूमि संबंधी विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि यदि जमीन से संबंधित कोई विवाद था, तो मंदिर निर्माण के समय ही इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी।

2003 से चल रहा जमीन को लेकर विवाद
पूरी कार्रवाई ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर भूमि पर बने निर्माणों को हटाने के लिए की जा रही है। इस भूमि पर मंदिर के साथ बड़ी संख्या में मकान और दुकानें भी स्थित हैं। भूमि के स्वामित्व और कब्जे को लेकर श्रीराम बिल्डर्स तथा स्थानीय रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चला आ रहा है। यह मामला तहसीलदार न्यायालय से शुरू होकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। कोर्ट के आदेश के तहत यहां 62 मकानों को हटाया जा रहा है और इसी भूमि पर बने मां कालका माता मंदिर को भी कार्रवाई के दायरे में रखा गया है।
मकानों को हटाने की कार्रवाई और मंदिर को लेकर सामने आए विरोध के बाद कृष्णबाग कॉलोनी में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। एक ओर न्यायालय के आदेश के पालन में प्रशासन कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय रहवासी अपने घरों और वर्षों पुराने धार्मिक स्थल को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
डिजिटल संस्करण