तेजाजी नगर में अनियंत्रित कार दुकान में घुसी, कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
इंदौर। 
खंडवा रोड स्थित तेजाजी नगर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बैंक ऑफ इंडिया के कियोस्क के सामने स्थित बाघेला इलेक्ट्रिकल्स की दुकान में अचानक एक अनियंत्रित कार आ घुसी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि रास्ते में खड़े कई दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, MP09 GJ2555 नंबर की एक क्रेन दो कारों को टोचन कर इंदौर की ओर से बायपास होते हुए विजयनगर की तरफ ले जा रही थी। इसी दौरान संजू नामक चालक के नियंत्रण से MP09 CE 8478 नंबर की एक कार अचानक छूट गई और बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों को रौंदती हुई सीधे बाघेला इलेक्ट्रिकल्स की दुकान में जा घुसी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि रास्ते में खड़े कई दोपहिया वाहन एक के बाद एक उसकी चपेट में आते चले गए।
बिजली के खंभे ने बचाई जानें
हादसे के दौरान कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वह खंभा वहां न होता तो यह हादसा और कहीं अधिक भयावह हो सकता था और कई लोगों की जान जा सकती थी। खंभे से टकराने के बाद कार की गति थमी और आगे की तबाही टल सकी।
भाजपा नेता राजू हार्डिया की मोटरसाइकिल भी चपेट में
घटना में क्षेत्र के भाजपा नेता एवं समाजसेवी राजू हार्डिया की मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वे बैंक ऑफ इंडिया के कियोस्क पर बैलेंस चेक करने गए हुए थे और उनकी मोटरसाइकिल फुटपाथ पर खड़ी थी। अनियंत्रित कार ने उनके वाहन को बुरी तरह कुचल दिया। यदि उस वक्त वे मोटरसाइकिल के पास खड़े होते तो गंभीर चोट लग सकती थी।

मौके पर जुटी भीड़, लापरवाही का मामला
हादसे की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। प्रारंभिक तौर पर इस घटना को चालक की लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है। टोचन के दौरान वाहन पर पर्याप्त नियंत्रण न रखना इस हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।